राजनीति

सड़क बनाने में 7 हजार करोड़ की लूट और शराब दुकानों की बाढ़’, अखिलेश ने खोला भाजपा के ‘गोरखधंधे’ का कच्चा चिट्ठा!

कानपुर की 'लाल इमली' मिल चलाएंगे लाल टोपी वाले, 2027 में सपा सरकार आते ही बंद होगा आरक्षण पर डाका: अखिलेश

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी को लेकर अब तक का सबसे तीखा और मिर्च-मसालेदार हमला बोला है। सपा प्रदेश मुख्यालय में उमड़े कार्यकर्ताओं के भारी हुजूम को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने सीधे आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में ‘अवैध खनन’ से लेकर ‘सड़कों के निर्माण’ तक में सिर्फ और सिर्फ बजट की खुली लूट मची है।

सपा मुखिया ने घोटालों के आंकड़े गिनाते हुए कहा, “गोरखपुर की महज 90 किलोमीटर लंबी फोर-लेन लिंक रोड बनाने में ₹7,000 करोड़ की भयंकर लूट-खसोट हुई। यही नहीं, लखनऊ में भी 40 किलोमीटर के ग्रीन कॉरिडोर के नाम पर ₹7,000 करोड़ फूंक दिए गए।” उन्होंने तंज कसा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता में शिक्षा और स्वास्थ्य नहीं है; इसीलिए आज सूबे में स्कूल बंद हो रहे हैं, अस्पतालों में मरीजों को इलाज नहीं मिल रहा है, लेकिन शराब की दुकानों की संख्या दिन-दूनी रात-चौगुनी रफ्तार से बढ़ रही है।

अखिलेश यादव ने कानून-व्यवस्था और बिजली संकट पर सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा ने अपने पूरे कार्यकाल में एक भी यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं बढ़ाया। आज जनता को जो भी बिजली मिल रही है, वह सपा सरकार के बनाए बिजलीघरों की देन है। उन्होंने ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा इस वर्ग के आरक्षण की दिन-दहाड़े लूट कर रही है और उनके खिलाफ साजिशें रच रही है।

आगामी विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए अखिलेश ने कार्यकर्ताओं को व्यवहार ठीक रखने की नसीहत दी और एक बड़ा सियासी दांव खेला। उन्होंने ऐलान किया, “2027 में सपा की सरकार बनते ही बेरोजगारी दूर होगी और कानपुर की ऐतिहासिक ‘लाल इमली’ मिल को लाल टोपी वाले समाजवादी ही चलाकर दिखाएंगे।” उन्होंने वादा किया कि सपा के आते ही किसानों के लिए मंडियां बनेंगी और सूबे को भाजपा की बर्बादी से मुक्ति मिलेगी।

Related Articles

Back to top button