नीट पेपरलीक व भ्रष्टाचार पर बीएसपी सुप्रीमो का बड़ा बयान: ‘सड़क से संसद तक टकराव ठीक नहीं, सरकार निकाले सौहार्दपूर्ण समाधान’

# निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने राजधानी नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर मेडिकल की नीट (NEET) परीक्षा में हुई गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को लेकर चल रहे आंदोलनों तथा राजनीतिक घमासान पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि पेपरलीक और धांधली के दुष्परिणामों से देश भर के छात्र-छात्राओं और उनके परिवारों का भविष्य अनिश्चितता में लटक गया है।
भ्रष्टाचार और संवैधानिक नैतिकता के अभाव का परिणाम
बीएसपी प्रमुख ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश में परीक्षाओं के पेपरलीक का मुद्दा हो या अन्य मामले, यह सब मूलतः हर स्तर पर पनपते भ्रष्टाचार का परिणाम हैं। उन्होंने इसे संवैधानिक नैतिकता (Constitutional Morality) की कमी से जोड़ते हुए कहा कि संविधान निर्माता परमपूज्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने सुशासन (Good Governance) के लिए इस पर विशेष बल दिया था, लेकिन इसके अभाव में यह व्यवस्था को दीमक की तरह चाट रहा है।
राजनीतिक स्वार्थ और टकराव पर चिंता, समाधान का आह्वान
मायावती ने चेतावनी दी कि छात्र आंदोलन का विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा अपने संकीर्ण स्वार्थों के लिए राजनीतिकरण करना घोर अनुचित है। सड़क से लेकर संसद तक का यह सीधा टकराव देश और जनजीवन दोनों को प्रभावित कर रहा है।
संवैधानिक संस्थाएं और सरकार करें मध्यस्थता
उन्होंने अपील की कि देश और जनहित से जुड़े इस विकट हालात के शांतिपूर्ण हल के लिए सरकार तथा माननीय न्यायालय जैसी संवैधानिक संस्थाओं को आगे आकर पहल करनी चाहिए। सरकार और आंदोलनकारियों को मिलकर जल्द से जल्द इसका सौहार्दपूर्ण समाधान निकालना चाहिए।



