शहीद स्मारक पर जली 80 मोमबत्तियां, अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि
“एक शाम वीर शहीदों के नाम” में गूंजा भारत माता की जय और वंदे मातरम्

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क,
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहीद स्मारक राष्ट्रभक्ति की भावनाओं से सराबोर हो उठा। देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों की स्मृति में जश्न-ए-आज़ादी ट्रस्ट एवं उत्तर प्रदेश जिला मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में “एक शाम वीर शहीदों के नाम” कार्यक्रम आयोजित किया गया।
80 मोमबत्तियों से जगमगाया स्मारक
शहीदों की स्मृति में 80 मोमबत्तियां प्रज्वलित की गईं। शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। मोमबत्तियों की रोशनी के बीच पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से भर उठा।
गूंजे देशभक्ति के जयघोष
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के उद्घोष किए। पीएसी बैंड की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने माहौल को और भावुक एवं ऊर्जावान बना दिया।
शहादत को नमन
मुख्य अतिथि मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग का परिणाम है। उनकी कुर्बानियों को याद करना और उनके सपनों का भारत बनाने में योगदान देना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
विशिष्ट अतिथि महंत दिव्यागिरी ने कहा कि क्रांतिकारियों और शहीदों का बलिदान देश कभी भुला नहीं सकता। पीढ़ियों तक उनकी गाथा जीवित रखना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
एकता ही सच्चा सम्मान
ट्रस्ट अध्यक्ष मुरलीधर आहूजा ने कहा कि 15 अगस्त और 26 जनवरी केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश की एकता और अखंडता के प्रतीक हैं। जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर राष्ट्रीय एकता एवं भाईचारे को मजबूत करना शहीदों के प्रति सच्चा सम्मान है।
अतिथियों का जुबैर अहमद एवं अब्दुल वहीद ने तिरंगा पट्टी पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में सर्वसमाज के प्रतिनिधियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।
राष्ट्रगान से हुआ समापन
कार्यक्रम में निगहत खान, रजिया नवाज, वेद व्रत बाजपेई, इंसराम अली, वामिक खान, प्रदीप सिंह बब्बू, सरदार निर्मल सिंह, जसबीर गांधी, आरिफ कुरैशी, अनिल त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में ट्रस्ट पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, भाईचारे और देशभक्ति को मजबूत करने का संकल्प लिया



