उत्तर प्रदेश

बहराइच: रामगांव थाने में तैनात उपनिरीक्षक की साइलेंट हार्ट अटैक से मौत

बहराइच जिले के रामगांव थाने में तैनात उपनिरीक्षक शिव प्रकाश दूबे (56) की सोमवार रात साइलेंट हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
देवरिया जिले के थाना भटनी के ग्राम पिपरा बिट्ठल निवासी उपनिरीक्षक शिव प्रकाश दूबे, सोमवार रात गश्त पर निकले थे। रात करीब 10 बजे वह गश्त के बाद थाने लौटे, तभी उनकी अचानक तबियत बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होती देख उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज बहराइच ले जाया गया, जहां रात 2 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक की मौत का कारण साइलेंट हार्ट अटैक है। शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है और परिजनों के आने के बाद शव को पुलिस वाहन के माध्यम से उनके पैतृक गांव देवरिया भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। शिव प्रकाश दूबे वर्ष 1986 में सिपाही पद पर पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वर्ष 2022 में प्रमोशन पाकर वह उपनिरीक्षक बने और पिछले एक साल से रामगांव थाने में तैनात थे।सीओ महसी डीके श्रीवास्तव ने बताया कि उपनिरीक्षक के निधन की खबर से पुलिस विभाग गमगीन है। परिजन जिला मुख्यालय पर पहुंच चुके हैं और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button