ओडिशा। ओडिशा के कोरापुट जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक बस पलटने से चार यात्रियों की मौत हो गई और लगभग 40 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि रविवार तड़के कोरापुट जिले में गुप्तेश्वर के पास डोकरीघाट में एक बस पलट गई, जिसमें 12 वर्षीय एक लड़के समेत चार लोगों की मौत हो गई और 40 अन्य घायल हो गए। घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती किया गया है, और गंभीर रूप से घायल लोगों को कोरापुट जिले के मुख्य सरकारी अस्पताल में भेजा गया है।
स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है, लेकिन अधिकारियों का मानना है कि तेज रफ्तार या रास्ते की खराब स्थिति इसके पीछे मुख्य कारण हो सकती है।
बोईपारीगुडा पुलिस के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 5.30 बजे हुई, जब कटक के नियाली से 50 श्रद्धालुओं को लेकर बस गुप्तेश्वर मंदिर जा रही थी। दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों समेत कई यात्री घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और कई लोगों के हाथ-पैर कट गए हैं। बीएसएफ और पुलिस ने घायल यात्रियों को बचाया और उन्हें बोईपारीगुडा अस्पताल में भर्ती कराया। एक अधिकारी ने बताया कि संदेह है कि पहाड़ी सड़क पर तीखे मोड़ पर वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने लोगों की मौत पर दुख जताया और मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
