उत्तर प्रदेश

मुजफ्फरनगर: तीन महीने से तेंदुए की दहशत, ग्रामीणों में हड़कंप

मुजफ्फरनगर: बुढाना तहसील के दुर्गनपुर गांव में पिछले तीन महीनों से तेंदुए का आतंक जारी है। हाल ही में एक बार फिर तेंदुए के देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने जंगल में एक पेड़ पर बैठे तेंदुए का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

तेंदुए ने गांव में पहले भी कई पशुओं का शिकार किया है। हाल ही में उसने एक गाय को मार डाला, जबकि इससे पहले वह नीलगाय और कई कुत्तों को भी अपना शिकार बना चुका है। इस घटना के बाद गांव के लोग डर के साए में जीने को मजबूर हैं।

रात में गूंजती है तेंदुए की दहाड़ें

ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए को कई बार गांव और आसपास के इलाकों में घूमते देखा गया है। खासतौर पर रात के समय उसकी दहाड़ें सुनाई देती हैं, जिससे लोग डर के कारण घरों से बाहर निकलने से बचते हैं। छोटे बच्चों और मवेशियों को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि हो गई है और उसे पकड़ने के लिए जल्द ही पिंजरा लगाया जाएगा। विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button