उत्तर प्रदेश

बरेली: महालक्ष्मी गैस एजेंसी के गोदाम में बड़ा हादसा, 350 से अधिक सिलिंडर फटे

बरेली। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के रजऊ परसपुर गांव में सोमवार दोपहर गैस एजेंसी के गोदाम में बड़ा हादसा हो गया। गैस सिलिंडर फटने से भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। दोपहर करीब 1 बजे जैसे ही पहला सिलिंडर फटा, उसके बाद लगातार धमाके होने लगे। गांववालों के अनुसार, करीब डेढ़ घंटे तक सिलिंडर फटते रहे और 500 मीटर तक उनके टुकड़े उड़कर खेतों में गिरे। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि गांव के लोग डरकर घरों से बाहर निकल आए। गैस एजेंसी के गोदाम में सिलिंडरों से भरा ट्रक खड़ा था। चौकीदार दिनेश चंद्र शुक्ला ने बताया कि ट्रक के बोनट में किसी तरह आग लग गई। पहले ट्रक में रखे सिलिंडर फटे, फिर आग पूरे गोदाम में फैल गई और भयंकर धमाके होने लगे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। लेकिन, धमाकों के चलते आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। एसपी उत्तरी, मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि ट्रक में करीब 400 सिलिंडर थे। आग पर काबू पा लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई। प्रशासन अब नुकसान का आकलन कर रहा है।

Related Articles

Back to top button