उत्तर प्रदेश

राम नवमी पर द्वारकाधीश मंदिर पहुंचीं हेमा मालिनी, बोलीं

मथुरा। भाजपा सांसद और मशहूर अभिनेत्री हेमा मालिनी ने रविवार को राम नवमी के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित द्वारकाधीश मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने न केवल राम नवमी की महत्ता पर प्रकाश डाला, बल्कि भाजपा के स्थापना दिवस और यमुना नदी की सफाई जैसे अहम मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। मीडिया से बात करते हुए हेमा मालिनी ने कहा, “आज राम नवमी का शुभ दिन है और साथ ही मेरी पार्टी भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस भी है। सौभाग्य की बात है कि इस पावन दिन पर मैं द्वारकाधीश मंदिर में पूजा कर पाई। आज के दिन कई अच्छी बातें हुई हैं, जिससे मन आनंदित है।”

हेमा मालिनी ने मथुरा की जनता की उस चिंता पर भी प्रतिक्रिया दी जो लंबे समय से यमुना नदी की सफाई को लेकर उठती रही है। उन्होंने कहा, “हर किसी के मन में यही सवाल रहता है – यमुना कब साफ होगी? आज हमें इसका जवाब मिल गया है, क्योंकि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं यह भरोसा दिया है कि यमुना बहुत जल्द साफ होगी।” उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें पर्यावरण सुधार को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और मथुरा जैसे धार्मिक और ऐतिहासिक नगरों की गरिमा बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।

राम नवमी और भाजपा स्थापना दिवस के इस शुभ संयोग पर हेमा मालिनी ने जनता से भी अपील की कि वे पर्यावरण की रक्षा में अपना योगदान दें और संस्कृति के संरक्षण में भागीदारी निभाएं।

Related Articles

Back to top button