Uncategorized

तेज रफ्तार कार पुलिया से नीचे गिरी, चार लोग गंभीर रूप से घायल

नवाबगंज,पीलीभीत-बरेली हाईवे पर मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 6:00 बजे गांव गरगईया के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग लखीमपुर से बरेली दवा लेने जा रहे थे। कार में सवार प्रताप सिंह (28) निवासी रानी नगर, सवरन सिंह (55) निवासी राम नगर, राजविन्द्र सिंह (27) और समीउल्लाह (45) निवासी मुराद नगर, बरेली की ओर जा रहे थे। तभी अचानक उनकी कार गरगईया गांव के पास अनियंत्रित हो गई और पुलिया से नीचे एक पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। हालत गंभीर होने के कारण सभी को जिला अस्पताल बरेली रेफर कर दिया गया।

डॉक्टरों ने बताया कि चारों की हालत चिंताजनक है, विशेष रूप से समीउल्लाह के पैर की कई हड्डियां टूट गई हैं और उनकी हालत ज्यादा गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत कार्रवाई की गई और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। कार को पानी से बाहर निकलवाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और सावधानी न बरतने के खतरों की ओर इशारा करता है।

Related Articles

Back to top button