PM मोदी की सऊदी यात्रा से हज यात्रियों को मिल सकती है बड़ी राहत!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब की अहम यात्रा पर रवाना हो चुके हैं। इस दौरे का भारतीय हज यात्रियों के लिए खास महत्व है, क्योंकि हज कोटे में बढ़ोतरी को लेकर दोनों देशों के बीच बातचीत संभावित है। इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी और सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के बीच गंभीर चर्चा हो सकती है।
पीएम मोदी ने सऊदी अरब को भारत का “मूल्यवान साझेदार” बताया है और कहा कि दोनों देशों के रिश्ते नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहे हैं। इस यात्रा के दौरान अंतरिक्ष, ऊर्जा, स्वास्थ्य, संस्कृति और तकनीक जैसे क्षेत्रों में कम से कम छह समझौतों (MoU) पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। यह पीएम मोदी की सऊदी अरब की तीसरी यात्रा है लेकिन पहली बार वे ऐतिहासिक शहर जेद्दा जा रहे हैं, जो मक्का का प्रवेश द्वार भी है। यही शहर हज और उमराह यात्रा का मुख्य केंद्र है, जहां से सभी तीर्थयात्री मक्का की ओर जाते हैं। इसलिए जेद्दा में भारत-सऊदी संबंधों का धार्मिक और सांस्कृतिक पक्ष भी प्रमुख है।
प्रधानमंत्री सामरिक भागीदारी परिषद की दूसरी बैठक में हिस्सा लेंगे और भारतीय समुदाय से भी संवाद करेंगे। इससे पहले भारत-सऊदी टास्क फोर्स ने रियाद में निवेश, रक्षा और व्यापार पर कई मुद्दों पर चर्चा की थी।


