लखनऊ

अखिलेश यादव की नींद उड़ा रही जातिगत जनगणना: ओपी राजभर का सपा पर तीखा हमला

लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला है। राजधानी लखनऊ में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा घोषित जातिगत जनगणना ने सपा अध्यक्ष की नींद उड़ा दी है। अब उन्हें अपना पिछड़ा और दलित वोट बैंक खिसकने का डर सता रहा है।

राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव सिर्फ वोट बैंक की राजनीति के लिए अब राजभर समाज को रिझाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने गोमती रिवर फ्रंट पर महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमा लगाने की बात को महज धोखा बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सपा सत्ता में थी, तब सुहेलदेव की याद क्यों नहीं आई?

ओपी राजभर ने सपा प्रमुख की राजनीतिक विश्वसनीयता पर भी तीखा तंज कसते हुए कहा, “जो अपने पिता और चाचा का नहीं हो सका, वह राजभर समाज का क्या होगा?” उन्होंने कहा कि सपा ने कभी बसपा, कभी जयंत चौधरी और कभी अन्य दलों को ठगा है।

राजभर ने कहा कि वे खुद अखिलेश यादव के साथ रह चुके हैं और उनकी कार्यशैली को अच्छे से जानते हैं। अब जब जातीय जनगणना का मुद्दा केंद्र स्तर पर आया है, तो अखिलेश को अपनी जमीन खिसकती नजर आ रही है। उन्होंने सपा पर दलितों को ‘गुलाम’ समझने का आरोप भी लगाया।

Related Articles

Back to top button