कानपुर: मेयर बनाने का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, वीडियो बनाकर पिता-पुत्र दोनों ने किया ब्लैकमेल

कोर्ट के आदेश पर चकेरी थाने में दर्ज हुआ केस, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
कानपुर के चकेरी क्षेत्र में महिला से विश्वासघात और दरिंदगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने राजनीतिक प्रभाव का झांसा देकर महिला को मेयर बनाने की बात कही और फिर नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया और जब महिला ने विरोध किया, तो आरोपी के पिता ने भी धमकी देकर दुष्कर्म किया।
पीड़िता के अनुसार, साल 2022 में बाबानगर निवासी आशुतोष मिश्रा से उसकी मुलाकात हुई, जिसने खुद को एक राजनीतिक दल का प्रदेश अध्यक्ष बताया। उसने महिला को पार्टी की बैठकों में साथ ले जाना शुरू किया और फिर प्रचार के बहाने बाहर ले जाकर नशे में दुष्कर्म किया, जिसका वीडियो भी बना लिया।
इसके बाद, महिला के घर में घुसकर वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए आशुतोष ने कई बार शारीरिक शोषण किया। जब पीड़िता ने यह बात अपने पति को बताई और दोनों ने आरोपी के घर शिकायत की, तो आरोपी के पिता अतुल मिश्रा ने भी महिला को धमकाकर दुष्कर्म किया।
महिला का आरोप है कि 20 अगस्त 2024 को पिता-पुत्र घर आए, मारपीट की और स्कूटी तोड़ दी। पीड़िता पहले सनिगवां चौकी गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अंततः कोर्ट की शरण ली और चकेरी थाने में केस दर्ज हुआ।
थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि सामूहिक दुष्कर्म, धमकी, मारपीट समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।



