निश्चय टाइम्स लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, पूर्व मंत्री अजय राय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। सेना के पराक्रम को सलाम करते हुए सेना के जयघोष से बैठक की शुरुआत हुई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि आज देश एक निर्णायक दौर से गुजर रहा है। देश के दुश्मनों ने पहलगाम में जो कायराना हरकत की, उसका जवाब हमारी भारतीय सेना ने पूरे साहस और पराक्रम से देकर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की है।
श्री राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने वीर सैनिकों के साथ तन-मन-धन से खड़ी है। हम सभी भारतीयों का आहवान करते हैं कि सभी आगे बढ़कर सेना का मनोबल बढ़ाएं।बैठक में सर्वसम्मति से यह तय हुआ कि आज शाम 5ः00 बजे शहीद स्मारक से गुलाब सिंह लोधी (झंडेवाला पार्क) अमीनाबाद लखनऊ तक तिरंगा यात्रा निकालकर भारतीय सेना के पराक्रम का जयघोष करेंगे। तिरंगा यात्रा का नेतृत्व भूतपूर्व सैनिकों द्वारा किया जायेगा। हम कांग्रेस के लोग राष्ट्रीय ध्वज लेकर सेना के विजय गीत गाते हुए शहीद गुलाब सिंह लोधी पार्क तक जायेंगे।
