
लखनऊ में मंगलवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। बिहार के बेगूसराय से दिल्ली जा रही एक प्राइवेट स्लीपर बस (UP17 AT 6372) में आग लग गई। यह दुर्घटना लखनऊ के किसान पथ पर मोहनलालगंज के पास रायबरेली रोड पर हुई। हादसे में पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कई यात्री झुलसकर घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि हादसा सुबह 5 बजे के करीब हुआ, जब अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। अचानक बस में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। बस में कुल 80 यात्री सवार थे। आग लगने के बावजूद बस करीब 1 किलोमीटर तक जलती हुई चलती रही। ड्राइवर और कंडक्टर जान बचाकर खिड़की तोड़कर भाग निकले।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कांच तोड़कर कई यात्रियों को बाहर निकाला गया। मुख्य दरवाजा आग के चलते जाम हो गया था, जिससे पीछे बैठे यात्री बस में फंस गए। दमकल की गाड़ियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक बस के अंदर पांच शव जल चुके थे।

मृतकों में दो बच्चे, दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। जिनकी पहचान इस प्रकार हुई है:
-
लख्खी देवी (55 वर्ष), पत्नी अशोक मेहता
-
सोनी (26 वर्ष), पुत्री अशोक महतो
-
देवराज (3 वर्ष), पुत्र रामलाल
-
साक्षी कुमारी (2 वर्ष), पुत्री रामलाल
-
एक अज्ञात पुरुष
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि इसकी लपटें एक किलोमीटर दूर से देखी जा सकती थीं। पुलिस की जांच में सामने आया कि बस का इमरजेंसी गेट नहीं खुला, जिसके कारण कई लोग अंदर फंस गए। हादसे के बाद ड्राइवर और कंडक्टर फरार हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बस कंपनी की लापरवाही की भी जांच की जा रही है।

