लखनऊ में चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ का अधिवेशन संपन्न

लखनऊ: उत्तर प्रदेश प्रदेशीय चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ का द्विवर्षीय प्रांतीय अधिवेशन एवं चुनाव 24 मई को निदेशालय उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के सभागार में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अधिवेशन में प्रदेश भर से प्रतिनिधि एवं कर्मचारी नेताओं की उपस्थिति रही। चुनाव अधिकारी हरिशरण मिश्र, राज्य कर्मचारी एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश कुमार पांडेय तथा राज्य कर्मचारी महासंघ एवं जवाहर भवन/इंदिरा भवन कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों की देखरेख में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराई गई।
निर्वाचन प्रक्रिया के परिणामस्वरूप रामलाल दुबे को प्रदेश अध्यक्ष, सुरेश सिंह यादव को प्रदेश महामंत्री और महेंद्र कुमार पांडेय को संरक्षक एवं सलाहकार पद पर चुना गया। इसके अतिरिक्त हरिकेश प्रसाद को प्रांतीय उप महामंत्री, रामबदल दुबे को कोषाध्यक्ष और अनिल कुमार को संप्रेक्षक पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यवाहक अध्यक्ष पद पर मान सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में भारत सिंह यादव का चयन किया गया। इसके अलावा 32 अन्य उपाध्यक्ष भी निर्वाचित किए गए जिनमें भाई लाल, रामगोपाल, गिरिजा शंकर, त्रिलोकी प्रसाद, माया देवी, राजेंद्र दुबे, अजित कुमार प्रमुख हैं। अधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को आमंत्रित किया गया था, लेकिन दिल्ली में आकस्मिक कार्यक्रम के चलते वे उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने अपने लिखित संदेश में कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और हमेशा उनके साथ खड़ी है।
अधिवेशन का उद्घाटन राज्य कर विभाग के अपर आयुक्त धनंजय शुक्ल ने किया। उन्होंने संगठन को शुभकामनाएं देते हुए कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। अधिवेशन में कर्मचारी कल्याण, सेवा शर्तों में सुधार, समयबद्ध पदोन्नति एवं पारदर्शी स्थानांतरण नीति पर चर्चा की गई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने और संगठन को मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया। अधिवेशन के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


