उत्तर प्रदेश

विकसित कृषि संकल्प अभियान- खेतों तक पहुंची सरकार

 प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही बोले- 8 लाख किसानों से हुआ सीधा संवाद

निश्चय टाइम्स लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार किसानों की आय और उपज बढ़ाने के उद्देश्य से “विकसित कृषि संकल्प अभियान-2025” को मिशन मोड में चला रही है। शुक्रवार को लोक भवन स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने अभियान की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान 29 मई से 12 जून 2025 तक पूरे प्रदेश में संचालित किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं किया था।
अभियान भारत सरकार की पहल पर शुरू किया गया है, जिसमें भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, कृषि विज्ञान केंद्र, राज्य कृषि विश्वविद्यालय और कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य, जलशक्ति जैसे विभागों की सक्रिय भागीदारी है। उन्होंने बताया कि
अब तक 4,959 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें 8,39,617 किसान लाभान्वित हुए जिनमें 1,91,168 महिलाएं शामिल हैं। मंत्री ने बताया कि कुल 10,125 गांवों तक पहुंचने का लक्ष्य है। मंत्री शाही ने कहा: “‘एक देश, एक कृषि, एक टीम’ के विज़न को साकार करने के लिए यह अभियान प्रदेश में खेती के भविष्य की नई दिशा तय कर रहा है।”

 राजनीतिक और प्रशासनिक भागीदारी
कृषि मंत्री ने बताया कि लखनऊ, देवरिया, मेरठ, हापुड़, बहराइच और कानपुर में स्वयं किसानों से सीधे संवाद किए गए। 1 जून को मेरठ के दबथुआ गांव में केंद्रीय कृषि मंत्री भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। सभी सांसदों, विधायकों व पंचायत प्रतिनिधियों को अर्धशासकीय पत्र भेजकर सहयोग मांगा गया है।

 मीडिया से अपील
अभियान के अंतिम चरण में उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि गांव-गांव तक योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में पहुंचे, जिससे हर किसान को लाभ मिल सके।

Related Articles

Back to top button