[the_ad id="4133"]
Home » इंडिया » उत्तर प्रदेश » उत्तर प्रदेश में जल्द शुरू होगी दरोगा भर्ती

उत्तर प्रदेश में जल्द शुरू होगी दरोगा भर्ती

अगले माह नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना

निश्चय टाइम्स, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग में खाली पड़े पदों को भरने की दिशा में एक बड़ी पहल होने जा रही है। उप निरीक्षक (SI) के 4543 पदों पर भर्ती प्रक्रिया को अंतिम रूप देने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा इस भर्ती का नोटिफिकेशन अगले माह तक जारी किए जाने की संभावना है।

पुलिस से पहले दरोगा भर्ती को दी जा रही प्राथमिकता
जानकारी के मुताबिक, प्रदेश सरकार ने पहले ही पुलिस विभाग में कुल 24 हजार पदों पर नियुक्ति की मंजूरी दी है। इसमें 19220 सिपाही और 4543 उप निरीक्षक (दरोगा) पद शामिल हैं। हालांकि सिपाही भर्ती प्रक्रिया में कुछ तकनीकी बिंदुओं पर शासन की स्वीकृति लंबित होने के कारण फिलहाल दरोगा भर्ती को प्राथमिकता दी जा रही है।गौरतलब है कि राज्य सरकार ने इस बार उप निरीक्षक भर्ती में उम्मीदवारों को आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट देने का फैसला लिया है, जिससे बड़ी संख्या में युवाओं को लाभ मिलेगा।

कारागार विभाग में भी 2833 जेल वार्डर पदों पर होगी सीधी भर्ती

इसके साथ ही कारागार विभाग में 2833 जेल वार्डर पदों पर भी सीधी भर्ती प्रस्तावित है। हालांकि, इस भर्ती का नोटिफिकेशन भी अप्रैल में प्रस्तावित था लेकिन प्रक्रिया में देरी बनी हुई है। जेल विभाग में नई जेलों में स्टाफ की तैनाती के लिए यह भर्ती अहम मानी जा रही है। उत्तर प्रदेश के हजारों युवाओं की निगाहें अब इस भर्ती प्रक्रिया पर टिकी हैं। चूंकि साठ हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती होने के बाद से युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने भी विभाग में खाली पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करने का निर्देश जारी किया है।

इन पदों पर की जाएगी भर्ती

नागरिक पुलिस: 4242 पद

पीएसी महिला वाहिनी (नागरिक पुलिस): 106 पद

सशस्त्र पुलिस: 135 पद

विशेष सुरक्षा बल (एसएसएफ): 60 पद

इन सभी पदों पर भर्ती सीधी प्रक्रिया के तहत होगी और परीक्षा व अन्य चरणों की विस्तृत रूपरेखा भर्ती बोर्ड द्वारा निर्धारित की जाएगी। इस बार भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी उपायों को भी अपनाने की तैयारी की जा रही है।

आयु सीमा में छूट से युवाअों में जगी नई उम्मीद

दरोगा भर्ती की खबर आने के बाद से प्रदेश भर के अभ्यर्थियों में उत्साह की लहर दौड़ पड़ी है। विभिन्न कोचिंग संस्थानों में छात्रों की संख्या बढ़ गई है और तैयारी में तेजी देखी जा रही है। लखनऊ, इलाहाबाद, आगरा, मेरठ, बनारस और कानपुर जैसे बड़े शहरों के कोचिंग सेंटर्स में दरोगा परीक्षा की विशेष कक्षाएं चलाई जा रही हैं। अभ्यर्थियों का मानना है कि यह अवसर उनके लिए स्वर्णिम साबित हो सकता है, विशेषकर उन युवाओं के लिए जिनकी उम्र पहले की नियमावली के तहत सीमा पार कर गई थी। सरकार द्वारा दी गई आयु सीमा में छूट ने उन्हें एक नई उम्मीद दी है।

अब ज्यादा दिन युवाओं को नहीं करना होगा इंतजार

पुलिस और दरोगा बनने के लिए तैयारी कर रहे युवाओं अब ज्यादा दिन इंतजार नहीं करना होगा। बताया जा रहा है कि सबसे पहले दरोगा की भर्ती होगी, चूंकि 24 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है। इसके बाद पुलिस की भर्ती की जाएगी। इसलिए युवा अभी से ही तैयारी करने में जुट जाए, क्योंकि नोटिफिकेशन अगले माह ही जारी हो सकता है। आयु सीमा में छूट मिलने से जिनकी उम्र निकल गई थी उनके सामने नई उम्मीद जगी है।

ntuser1
Author: ntuser1

Share This

Post your reaction on this news

Leave a Comment

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com