लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी पंचायत चुनावों को देखते हुए अपना दल (सोनेलाल) ने संगठन को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से 8 प्रमुख मंचों के लिए राष्ट्रीय अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। यह निर्णय पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल की स्वीकृति से लिया गया है। इससे पहले 12 प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की गई थी। इन नियुक्तियों को संगठन विस्तार की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है।
नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्षों में शामिल हैं:
-
विजय चौरसिया (युवा मंच, कानपुर नगर)
-
दीपमाला कुशवाहा (महिला मंच, झांसी)
-
अभिषेक चौबे (विधि मंच, सोनभद्र)
-
एसपी कुरील (अनुसूचित जाति/जनजाति मंच, कानपुर नगर)
-
हौसिला प्रसाद पाल (बौद्धिक मंच, जौनपुर)
-
प्रभात बरौझी (सहकारिता मंच, चंदौली)
-
रामबली सिंह (किसान मंच, मिर्जापुर)
-
डॉ. केके सिंह (चिकित्सा मंच, प्रयागराज)
पार्टी के राष्ट्रीय सचिव (मुख्यालय) मुन्नर प्रजापति ने जानकारी दी कि ये नियुक्तियां सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर केंद्रित अभियान चलाने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई हैं। नवनियुक्त अध्यक्षों को संगठनात्मक गतिविधियों में समाज के कमजोर वर्गों, युवाओं, महिलाओं, किसानों और चिकित्सकों जैसे समुदायों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का दायित्व सौंपा गया है।
सूत्रों के अनुसार, यह पूरी कवायद पंचायत चुनाव और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। पार्टी की योजना है कि इन मंचों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क और संवाद को मजबूत किया जाए। इससे पहले पार्टी ने व्यापारी, अल्पसंख्यक, विधि, शिक्षक, श्रमिक, छात्र, अनुसूचित जाति/जनजाति, सहकारिता, चिकित्सा और आईटी मंचों के लिए भी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए थे।
अनुप्रिया पटेल ने सभी नव नियुक्त नेताओं को बधाई दी और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, प्रतिबद्धता और कार्यकुशलता की प्रशंसा की। पार्टी कार्यकर्ताओं में इस निर्णय से उत्साह और सक्रियता देखने को मिल रही है, जो आने वाले चुनावों में संगठन को नई मजबूती देने का संकेत है।
Author: Sweta Sharma
I am Sweta Sharma, a dedicated reporter and content writer, specializes in uncovering truths and crafting compelling news, interviews, and features.





