यूपी के आम जाएंगे लंदन-दुबई, 800 किस्मों का होगा प्रदर्शन

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से एक बार फिर ‘उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2025’ का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 4 से 6 जुलाई तक लखनऊ के अवध शिल्पग्राम में होगा। इस तीन दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 4 जुलाई को सुबह 10 बजे करेंगे।
इस वर्ष महोत्सव की खासियत है कि इसमें 800 किस्मों के आमों का प्रदर्शन किया जाएगा। इससे आगंतुकों को प्रदेश की बागवानी विविधता और आम की अनोखी प्रजातियों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

महोत्सव के दौरान दोपहर 12 बजे से क्रेता-विक्रेता सम्मेलन और तकनीकी सत्रों का आयोजन भी किया जाएगा, जिनमें आम की सुरक्षित तुड़ाई, पोस्ट-हार्वेस्ट प्रबंधन, विपणन और निर्यात जैसे अहम विषयों पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे।
लंदन और दुबई के लिए रवाना होंगे यूपी के आम:
राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के आम उत्पादकों को वैश्विक बाजारों से जोड़ना है। उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री योगी प्रदेश के आमों को लंदन, दुबई जैसे अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में निर्यात के लिए रवाना करेंगे। साथ ही स्मारिका विमोचन और प्रगतिशील आम उत्पादकों का सम्मान भी समारोह का हिस्सा होगा।


