निश्चय टाइम्स, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में शुक्रवार शाम दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया।शाम लगभग 7:30 बजे मेरठ-बदायूं रोड पर एक दर्दनाक हादसे में शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर जनता इंटर कॉलेज की दीवार से टकरा गई, जिसमें दूल्हा सूरज पाल (20) समेत आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दूल्हे की बहन, चाची, चचेरी बहन और अन्य रिश्तेदार शामिल हैं। हादसे के वक्त बोलेरो में कुल 10 लोग सवार थे। इनमें से दो गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें अलीगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि बरात घर से निकले मात्र 10 मिनट ही हुए थे कि यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी। वाहन सड़क पर पलट गया और घिसटते हुए इंटर कॉलेज की दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
-
सूरज पाल (20) – दूल्हा
-
कोमल (15) – दूल्हे की बहन
-
आशा (26) – दूल्हे की चाची
-
ऐश्वर्या (3) – चचेरी बहन
-
सचिन (22) – चचेरा मामा, निवासी हींगवाड़ी, बुलंदशहर
-
मधु (20) – सचिन की पत्नी
-
गणेश (2) – ममेरा भाई, निवासी खुर्जा, बुलंदशहर
-
रवि (28) – वाहन चालक, गांव निवासी
गंभीर रूप से घायल दो लोगों के नाम हिमांशी और देवा बताए गए हैं, जिनका इलाज जारी है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि हादसे की प्राथमिक वजह वाहन पर चालक का नियंत्रण खो देना प्रतीत हो रही है। सूरज पाल मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले थे, लेकिन उनके परिवार के लोग संभल में मजदूरी करते हैं। यह हादसा घर से करीब आठ किलोमीटर की दूरी पर हुआ। अन्य बाराती वाहन पहले ही निकल चुके थे, जबकि दूल्हे के साथ परिवार के लोग बोलेरो में सवार थे। पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया है, जहां खुशियों का माहौल चंद मिनटों में मातम में बदल गया।





