गुरु पूर्णिमा पर गोरखनाथ मंदिर में विशेष पूजन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया गुरुओं का स्मरण
गोरखपुर, निश्चय टाइम्स। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गुरुवार को गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में नाथपंथ की परंपराओं के अनुसार शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ का विशेष पूजन किया। इस दौरान उन्होंने अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ, दादागुरु ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ और योगिराज बाबा गंभीरनाथ समेत सभी पूर्वाचार्य गुरुओं का भी विधिपूर्वक पूजन-अर्चन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही, लोक कल्याण के पथ पर मार्गदर्शन हेतु गुरुओं के प्रति कृतज्ञता भी व्यक्त की।
गुरु पूर्णिमा के इस विशेष अनुष्ठान की शुरुआत गुरुवार तड़के प्रातः 5 बजे हुई। पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन संपन्न हुआ, जिसकी पूर्णता सामूहिक आरती के साथ हुई। पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। पूजन कार्यक्रम के क्रम में उन्होंने सर्वप्रथम नाथपंथ के आदिगुरु भगवान गोरखनाथ के दरबार में उपस्थित होकर उनका पूजन किया। इसके पश्चात मंदिर परिसर में स्थित समस्त देव विग्रहों और नाथ संप्रदाय के गुरु प्रतिमाओं की विधिवत पूजा-अर्चना की। गोरखनाथ मंदिर परिसर इस अवसर पर भक्ति, आस्था और वैदिक स्वर लहरियों से गूंज उठा, जिसमें श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
