उत्तर प्रदेश

सपा ने आयोजित की पीडीए पंचायत

अयोध्या। अयोध्या में समाजवादी पार्टी महानगर कमेटी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पुरुषोत्तम नगर वार्ड में पीडीए (पंचायत – दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक) पंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने की, जबकि संचालन सेक्टर प्रभारी ओपी पासवान ने किया।
इस पंचायत में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ‘पवन’ और विशिष्ट अतिथि जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव मौजूद रहे। पूर्व मंत्री पवन ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार के शासन में किसान, नौजवान, व्यापारी सभी वर्ग परेशान हैं। महंगाई, बेरोजगारी और अत्याचार चरम पर हैं, और जनता 2027 में भाजपा को सत्ता से बाहर कर समाजवादी सरकार बनाएगी।

जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता प्रशासनिक अराजकता और अधिकारियों की मनमानी से त्रस्त है और अब बदलाव चाहती है। वहीं महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने नगर निगम अयोध्या में फैले भ्रष्टाचार, जल भराव, बदहाल गलियों और टैक्स वृद्धि को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला।
महानगर महासचिव हामिद जाफर मीसम ने कहा कि पूरे प्रदेश में पीडीए पंचायतों की बढ़ती भीड़ इस बात का संकेत है कि जनता भाजपा से ऊब चुकी है। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम के जरिए जनता से आगामी चुनाव में भाजपा को हटाकर सपा की सरकार बनाने की अपील की गई।

Related Articles

Back to top button