उत्तर प्रदेशक्राइमलखनऊ

मछली पकड़ने गए व्यक्ति की गोमती नदी में डूबने की आशंका

निश्चय टाइम्स, लखनऊ । राजधानी के ठाकुरगंज में रविवार को सुबह मछली पकड़ने गए 50 वर्षीय व्यक्ति के गोमती नदी में डूबने की आशंका से इलाके में हड़कंप मच गया। बरी कला निवासी सनोज कश्यप सुबह घर से निकले थे, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम उनकी तलाश में जुटी है। परिजनों के मुताबिक, सनोज हर रोज की तरह रविवार सुबह कैटिल कॉलोनी बंधे के पास मछली पकड़ने गए थे। उन्होंने अपने छोटे बेटे विकास से कहा था कि कुछ देर में आकर मछलियां ले जाना। दोपहर में विकास जब वहां पहुंचा तो पिता ने जाल से मछलियां निकालकर उसे दे दीं और खुद नदी में नहाने चले गए।
इसके बाद से ही सनोज का कोई सुराग नहीं लगा। जब देर शाम तक वे घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने खुद उनकी खोज शुरू की। काफी देर तलाश करने के बाद भी सफलता नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों का आरोप है कि रविवार शाम जब पुलिस को डूबने की सूचना दी गई, तो उन्होंने बारिश और अंधेरा होने का हवाला देकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। सोमवार सुबह करीब 10 बजे ठाकुरगंज पुलिस मौके पर पहुंची, और उसके एक घंटे बाद एसडीआरएफ की टीम ने भी सर्च ऑपरेशन शुरू किया। फिलहाल गोताखोरों की मदद से तलाश जारी है। परिवार में पत्नी सुनीता और तीन बेटे जितेंद्र, धर्मेंद्र और विकास हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Back to top button