[the_ad id="4133"]
Home » इंडिया » उत्तर प्रदेश » बरेली में ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद पर बवाल

बरेली में ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद पर बवाल

बरेली: शुक्रवार को ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद को लेकर बरेली की फिजा अचानक बिगड़ गई। पुलिस प्रशासन ने इस प्रदर्शन की अनुमति पहले ही रद्द कर दी थी और आयोजकों को समझाने की भरसक कोशिश की गई, लेकिन मौलाना तौकीर रजा के आह्वान पर बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। धीरे-धीरे यह भीड़ हिंसक हो गई और स्थिति नियंत्रण से बाहर होती दिखी।

जैसे ही प्रदर्शनकारियों ने शहर के प्रमुख क्षेत्रों में मार्च शुरू किया, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। लेकिन भीड़ में शामिल शरारती तत्वों ने इसका विरोध करते हुए पथराव शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। आलमगिरीगंज, बांसमंडी, सिविल लाइंस, बड़ा बाजार, कुतुबखाना और बिहारीपुर इलाके में दुकानों के शटर गिरने लगे और बाजार बंद हो गए। अचानक हुए इस उपद्रव ने पूरे शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।

खलील स्कूल और तिराहा बना उपद्रव का केंद्र
मौलाना तौकीर रजा की कॉल पर प्रदर्शनकारी बैनर और तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान की ओर बढ़ रहे थे। जैसे ही भीड़ खलील तिराहे पर पहुंची, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान माहौल बिगड़ा और भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पत्थरबाजी में कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए, दो बाइकें तोड़ी गईं और एक दुकान में तोड़फोड़ की गई। अचानक हुए बवाल से भगदड़ मच गई और पूरा इलाका जंग का मैदान लगने लगा।

पुलिस का कड़ा एक्शन
स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने बल प्रयोग किया। लाठीचार्ज के साथ-साथ आंसू गैस के गोले छोड़े गए। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर कर इलाकों से खदेड़ दिया। हालांकि कई बार उपद्रवी लौटकर आए, लेकिन हर बार पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें खदेड़ा। डीआईजी अजय साहनी, एसएसपी अनुराग आर्य, डीएम अविनाश सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।

शहर छावनी में तब्दील
बवाल की सूचना मिलते ही बरेली शहर पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। संवेदनशील इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। हर गली-चौराहे पर सुरक्षा बढ़ा दी गई। अधिकारियों ने फ्लैगमार्च निकालकर स्थिति पर नजर बनाए रखी।

दो दर्जन से अधिक उपद्रवी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से दो दर्जन से ज्यादा उपद्रवियों को हिरासत में लिया है। अफसरों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी की गई है और पथराव करने वालों की पहचान की जा रही है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नियंत्रण में हालात, लेकिन तनाव बरकरार
हालांकि पुलिस अधिकारियों का दावा है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सुबह से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ था। पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है और आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

ntuser1
Author: ntuser1

Share This

Post your reaction on this news

Leave a Comment

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com