उत्तर प्रदेश के मत्स्य विकास मंत्री संजय कुमार निषाद ने कहा है कि राज्य सरकार मत्स्य पालकों के सर्वांगीण विकास और प्रदेश को मत्स्य उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है मत्स्य पालकों के हितार्थ किसान क्रेडिट कार्ड से आच्छादित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही मछुआ दुर्घटना बीमा योजना का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए एवं इससे मत्स्य पालकों/मछुआरों को लाभान्वित कराया जाए। मत्स्य पालकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाए और उन्हें मत्स्य पालन की नवीन तकनीकों की जानकारी दी जाए ताकि उन्हें मत्स्य पालन में किसी प्रकार की हानि न हो और अधिक से अधिक मत्स्य उत्पादन हो सके।
मत्स्य विकास मंत्री डॉ० संजय कुमार निषाद ने आज यहां विधान भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में मत्स्य विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना चयनित परियोजनाएं समय से पूर्ण करायी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य सेक्टर की योजनाओ के अंतर्गत प्राविधानित बजट धनराशि के सापेक्ष अतिशीघ्र लाभार्थी चयन की कार्यवाही पूर्ण कराते हुए धनराशि का व्यय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अनुपयुक्त जल क्षेत्र जैसे वेटलैंड, खारा पानी के अलावा जलक्षेत्र, जलाशय व नदियों को मत्स्य विकास कार्यक्रम से आच्छादित करने तथा प्रदेश के मछुवारों व मत्स्य पालकों को जीवन में आर्थिक सुधार लाने एवं उन्हें स्वावलम्बी बनाये जाने हेतु कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में मंत्री द्वारा पीएमएमएसवाई (प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना पेंडिंग केसेज एवं बैक आउट रिपोर्ट) की अद्यतन रिपोर्ट, केसीसी एवं इन्श्योरेन्स, प्रोग्रेस एवं इम्प्लीमेण्टेशन स्टेटस, फेडरेशन एवं कोऑरेशन करेन्ट स्टेट्स रिपोर्ट एवं परफार्मेन्स रिव्यू, रिवर रैंचिंग (सीड क्वालिटी एवं डिस्ट्रीब्यूशन रिपोर्ट) तथा निषादराज बोट योजना, प्रोग्रेस इम्प्लीमेेण्टेशन स्टेटस एवं बेनीफिशरीज की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक में प्रमुख सचिव मत्स्य विकास, मुकेश मेश्राम ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि मत्स्य विकास से संबंधित सभी योजनाओं का लाभ लाभार्थियों तक पहुंचाने का हर संभव प्रयास करें एवं उन्हें प्रोत्साहित करें। योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार कराए। मत्स्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में महानिदेशक मत्स्य धनलक्ष्मी के0 द्वारा मंत्री को बैठक में दिए गए निर्देश के क्रम में ससमय कार्यवाही किए जाने हेतु आश्वस्त किया गया। समीक्षा बैठक में एन.एस. रहमानी, निदेशक मत्स्य, पुनीत कुमार उप निदेशक मत्स्य, एजाज अहमद उप निदेशक मत्स्य, सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।





