व्लादिमीर पुतिन ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि

निश्चय टाइम्स, डेस्क। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस पहुंचे, जहां उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ इस दौरे की सबसे महत्वपूर्ण बैठक जारी है। बैठक के दौरान यूक्रेन युद्ध का मुद्दा प्रमुख रूप से उठा। पीएम मोदी ने स्पष्ट कहा कि “भारत कोई तटस्थ देश नहीं, बल्कि शांति का समर्थक है।” उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि यूक्रेन संकट शुरू होने के बाद से भारत और रूस लगातार संवाद बनाए हुए हैं, और शांति का रास्ता सभी देशों को मिलकर खोजने की आवश्यकता है। साथ ही, दोनों नेताओं ने भारत-रूस आर्थिक संबंधों के विस्तार पर विशेष जोर दिया।
इससे पहले पुतिन ने अपने आधिकारिक कार्यक्रम के तहत राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बापू की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की, श्रद्धा से सिर झुकाया और समाधि की परिक्रमा की। इसके बाद उन्होंने स्मारिका पुस्तिका में हस्ताक्षर कर बापू के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट की। शुक्रवार सुबह राष्ट्रपति भवन में पुतिन का औपचारिक स्वागत किया गया, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनका स्वागत किया और दोनों नेताओं ने अपने-अपने प्रतिनिधिमंडलों का परिचय कराया। पुतिन ने सलामी गारद का निरीक्षण भी किया। गुरुवार शाम को पुतिन भारत पहुंचे थे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद हवाई अड्डे पर पहुंचकर उनका स्वागत किया।

