अंतरराष्ट्रीय

इटली के उप प्रधानमंत्री एंटोनियो ताजानी दिल्ली पहुंचे

निश्चय टाइम्स, डेस्क। इटली के उप प्रधानमंत्री और विदेश मामलों एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्री एंटोनियो ताजानी बुधवार को नई दिल्ली पहुंचे। यह उनकी इस साल की दूसरी भारत यात्रा है, जिसका उद्देश्य भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी को और मजबूती देना है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर ताजानी का स्वागत करते हुए कहा कि दिल्ली और मुंबई में उनके कार्यक्रम दोनों देशों के बीच साझेदारी को और मजबूत करेंगे। आधिकारिक सूचनाओं के मुताबिक ताजानी बुधवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे और गुरुवार को मुंबई में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। शुक्रवार को वे भारत से प्रस्थान करेंगे। ताजानी का यह दौरा हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में हुए G20 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी की हुई मुलाकात के बाद हो रहा है। दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, रक्षा, इनोवेशन, एआई, अंतरिक्ष और शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की थी। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा था कि भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है और दोनों देशों की जनता को इसका सीधा लाभ मिल रहा है। दोनों देशों ने आतंकवाद के वित्तपोषण से निपटने के लिए एक नई संयुक्त पहल की भी घोषणा की थी—जिसे मानवता के हित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया गया। गौरतलब है कि भारत और इटली के कूटनीतिक संबंध 1947 में शुरू हुए थे और 2023 में दोनों देशों ने अपने रिश्तों की 75वीं वर्षगांठ मनाई थी। इटली यूरोपियन यूनियन में भारत का चौथा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है।

Related Articles

Back to top button