सुपरस्टार रजनीकांत आज मना रहे हैं अपना 75वां जन्मदिन

निश्चय टाइम्स, डेस्क। साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत आज 12 दिसंबर को अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उनके करोड़ों फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता-निर्देशक उन्हें ढेरों शुभकामनाएँ दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर ‘थलाइवा’ का जन्मदिन जमकर ट्रेंड कर रहा है। रजनीकांत का फिल्मी सफर मेहनत, संघर्ष और प्रतिभा का अनोखा मिश्रण रहा है। एक बस कंडक्टर से लेकर भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सुपरस्टार तक का उनका सफर लाखों लोगों को प्रेरित करता है। उनकी फिल्मों का क्रेज सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में देखा जाता है। उनकी अनोखी स्टाइल, डायलॉग डिलीवरी और स्क्रीन प्रेजेंटेशन ने उन्हें साउथ इंडस्ट्री की पहचान बना दिया है। रजनीकांत को सिनेमा में उनके योगदान के लिए कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिले हैं। 75 की उम्र में भी उनकी लोकप्रियता और ऊर्जा किसी युवा स्टार से कम नहीं है।
प्रधानमंत्री ने थिरु रजनीकांत जी को उनके 75वें जन्मदिन के विशेष अवसर पर शुभकामनाएँ दीं
प्रधानमंत्री ने थिरु रजनीकांत जी को उनके 75वें जन्मदिन के विशेष अवसर पर शुभकामनाएँ दीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि रजनीकांत जी के प्रदर्शन ने पीढ़ियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया है और व्यापक प्रशंसा अर्जित की है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि विभिन्न भूमिकाओं, शैलियों और सिनेमाई प्रस्तुतियों से सजी उनकी उल्लेखनीय फिल्मी यात्रा ने भारतीय सिनेमा में हमेशा नए मानक स्थापित किए हैं। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि यह वर्ष विशेष महत्व रखता है, क्योंकि थिरु रजनीकांत फिल्म जगत में अपने गौरवशाली 50 वर्ष पूर्ण कर रहे हैं—एक ऐसा कीर्तिमान जो उद्योग में उनके स्थायी प्रभाव और अतुलनीय योगदान को दर्शाता है। उन्होंने थिरु रजनीकांत जी के दीर्घ, स्वस्थ और सुखद जीवन की कामना की।
एक्स पर अलग-अलग पोस्ट में, प्रधानमंत्री ने कहा: “थिरु रजनीकांत को उनके 75वें जन्मदिन के विशेष अवसर पर शुभकामनाएँ। उनके प्रदर्शन ने कई पीढि़यों को मंत्रमुग्ध किया है और व्यापक प्रशंसा प्राप्त की है। उनकी फिल्मी यात्रा विविध भूमिकाओं और विधाओं से भरी रही है, जिसने लगातार नए मानक स्थापित किए हैं। यह वर्ष विशेष इसलिए भी है क्योंकि उन्होंने फ़िल्म जगत में 50 वर्ष पूरे किए हैं। उनके दीर्घ और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करता हूँ।”



