दक्षिण अफ्रीका में चार मंजिला मंदिर ढहा

निश्चय टाइम्स, डेस्क। दक्षिण अफ्रीका के डरबन शहर के उत्तर में स्थित भारतीय बहुल इलाके रेडक्लिफ में शुक्रवार दोपहर एक चार मंजिला मंदिर के अचानक ढह जाने से दो लोगों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब इमारत पर कंक्रीट डाला जा रहा था। अचानक पूरा ढांचा भरभराकर गिर पड़ा, जिससे एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई और कई अन्य लोग मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन कठिन परिस्थितियों के चलते शुक्रवार आधी रात के करीब अभियान रोकना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार, बचाव कार्य शनिवार को फिर से शुरू किया जाएगा। मलबे में फंसे श्रमिकों और मंदिर से जुड़े लोगों की सटीक संख्या फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
इसी बीच, पहाड़ी पर स्थित मंदिर परिसर में अपने परिवार के साथ पहुंचे 54 वर्षीय एक श्रद्धालु की भी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे की खबर सुनते ही उन्हें दिल का दौरा पड़ा। हालांकि, उनकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। ईथेक्विनी (पूर्व में डरबन) नगर निगम ने प्रारंभिक जांच में कहा है कि मंदिर निर्माण के लिए किसी प्रकार की भवन योजना को स्वीकृति नहीं दी गई थी, जिससे यह निर्माण कार्य अवैध होने की आशंका जताई जा रही है। अहोबिलम मंदिर के नाम से जाना जाने वाला यह निर्माण एक गुफा की तर्ज पर किया जा रहा था, जिसमें स्थानीय पत्थरों के साथ-साथ भारत से लाए गए पत्थरों का भी उपयोग हो रहा था। मंदिर का निर्माण करा रहे परिवार ने बताया कि यह कार्य करीब दो साल पहले शुरू हुआ था और यहां भगवान नरसिंहदेव की विश्व की सबसे बड़ी मूर्ति स्थापित करने की योजना थी। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है।

