Uncategorized

नववर्ष 2026, मकर संक्रांति एवं 7 जनवरी को गोंडा में स्वर्गीय विनोद सिंह कुमार उर्फ पण्डित सिंह की जयंती का आयोजन– भाई नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में

निश्चय टाइम्स डेंस्क। आगामी नववर्ष 2026 के शुभ आगमन, मकर संक्रांति के पावन पर्व एवं स्वर्गीय पंडित सिंह की जयंती के अवसर पर जनपद गोंडा में एक भव्य, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन 7 जनवरी 2026 को किया जाएगा। इस आयोजन का नेतृत्व स्वर्गीय पंडित सिंह के अनुज एवं समाजसेवी श्री नरेंद्र सिंह द्वारा किया जा रहा है। नरेंद्र सिंह ने बताया कि यह आयोजन न केवल नववर्ष और मकर संक्रांति के उल्लास को साझा करने का अवसर होगा, बल्कि स्व. पंडित सिंह के जीवन मूल्यों, सामाजिक योगदान और प्रेरणादायी विचारों को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम भी बनेगा। उन्होंने कहा कि स्व. पंडित सिंह ने अपने जीवन में समाजसेवा, शिक्षा, संस्कृति और नैतिक मूल्यों को सदैव प्राथमिकता दी और उनके आदर्श आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर नववर्ष 2026 के स्वागत के साथ मकर संक्रांति के सांस्कृतिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर वक्ताओं द्वारा प्रकाश डाला जाएगा। मकर संक्रांति को सूर्य के उत्तरायण होने, सकारात्मक ऊर्जा और नवचेतना के प्रतीक के रूप में मनाया जाएगा। जयंती समारोह के अंतर्गत स्व. पंडित सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्मृति व्याख्यान, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं कवि गोष्ठी का आयोजन प्रस्तावित है। साथ ही सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए तिल-गुड़ वितरण, खिचड़ी प्रसाद एवं जरूरतमंदों के लिए सेवा एवं सहायता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। नरेंद्र सिंह ने जनपद गोंडा के सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं बुद्धिजीवियों से इस आयोजन में सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास होगा।

 

Related Articles

Back to top button