ऑस्ट्रेलिया में शिवम पाल का परचम, एक ही टूर्नामेंट में तीन पदक जीत रचा इतिहास
गोल्ड कोस्ट में टीएसएच के खिलाड़ी ने दिलाया भारत को गौरव, मिश्रित युगल में रजत और पुरुष युगल में कांस्य

गोल्ड कोस्ट में टीएसएच के खिलाड़ी ने दिलाया भारत को गौरव, मिश्रित युगल में रजत और पुरुष युगल में कांस्य
निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क | कानपुर
कानपुर के उभरते पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी शिवम पाल ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है। ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट शहर में आयोजित ITTF World Para Future Gold Coast 2026 प्रतियोगिता में शिवम ने एक ही स्पर्धा में तीन पदक जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने मिश्रित युगल वर्ग में रजत पदक और पुरुष युगल वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया, जबकि कुल तीन पदकों के साथ भारत की झोली भर दी।
प्रतियोगिता के दौरान शिवम ने विश्वस्तरीय खिलाड़ियों के खिलाफ असाधारण आत्मविश्वास, तकनीकी कौशल और मानसिक मजबूती का परिचय दिया। मिश्रित युगल मुकाबलों में उनकी बेहतरीन तालमेल, तेज रिफ्लेक्स और सटीक शॉट चयन निर्णायक साबित हुआ। वहीं पुरुष युगल वर्ग में उनकी आक्रामक सर्विस, दमदार रिटर्न और रणनीतिक खेल ने प्रतिद्वंद्वियों को लगातार दबाव में रखा। फाइनल मुकाबले में उन्होंने अंतिम अंक तक संघर्ष करते हुए रजत पदक सुनिश्चित किया।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि दबाव की परिस्थितियों में संतुलन बनाए रखना और निर्णायक क्षणों में आक्रामक रुख अपनाना शिवम की सबसे बड़ी ताकत रही। उनकी इस सफलता ने भारतीय पैरा खेल जगत में एक नई उम्मीद जगाई है।
शिवम की उपलब्धि के पीछे टीएसएच में मिला सुनियोजित और वैज्ञानिक प्रशिक्षण अहम भूमिका निभाता है। संस्थान में आधुनिक सुविधाओं के साथ फिटनेस, सहनशक्ति, मानसिक दृढ़ता और तकनीकी अभ्यास पर विशेष जोर दिया जाता है। अनुभवी कोचों के मार्गदर्शन और प्रतिस्पर्धी माहौल ने उनके खेल को अंतरराष्ट्रीय स्तर की धार दी है।
अपनी ऐतिहासिक सफलता पर शिवम ने इसका श्रेय अपने प्रशिक्षकों, परिवार और संस्थान प्रबंधन को दिया। उनकी इस उपलब्धि से टीएसएच परिवार में हर्ष और गर्व का माहौल है। यह जीत न केवल उनके करियर के लिए मील का पत्थर है, बल्कि देश के पैरा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है।



