
निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क |
कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने पारदर्शिता और तकनीक का शानदार उदाहरण पेश करते हुए 465 आवासीय भूखण्डों की ई-लॉटरी सफलतापूर्वक सम्पन्न कराई। यह प्रक्रिया प्राधिकरण परिसर स्थित श्री अटल बिहारी प्रेक्षागृह में उपाध्यक्ष श्री मदन सिंह गब्र्याल और सचिव श्री अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में सम्पन्न हुई।
विक्रय जोन-2बी प्रभारी एवं विशेष कार्याधिकारी श्रीमती मीनाक्षी गुप्ता की देखरेख में आयोजित इस ई-लॉटरी में शताब्दी नगर सेक्टर-3, जवाहरपुरम् सेक्टर-4, सेक्टर-1 और सेक्टर-1ए के कुल 465 भूखण्ड शामिल थे। इन भूखण्डों के सापेक्ष कुल 2615 आवेदन प्राप्त हुए, जो निर्धारित संख्या से पांच गुना अधिक रहे। इससे स्पष्ट है कि योजना को लेकर नागरिकों में जबरदस्त उत्साह था।

प्राधिकरण ने 24 अक्टूबर 2025 को इस योजना की विज्ञप्ति जारी की थी। इसमें 60, 90, 112.50, 162, 200 और 300 वर्गमीटर श्रेणियों के भूखण्ड शामिल थे। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से की गई, जिससे आवेदकों को घर बैठे आवेदन की सुविधा मिली और उन्हें न तो प्राधिकरण कार्यालय और न ही बैंक के चक्कर लगाने पड़े।
ई-लॉटरी का लाइव प्रसारण एलईडी स्क्रीन पर किया गया, जबकि जो आवेदक प्रेक्षागृह में उपस्थित नहीं थे, उनके लिए केडीए के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की गई। सफल आवेदकों ने खुशी जाहिर करते हुए अधिकारियों को पारदर्शी प्रक्रिया के लिए धन्यवाद दिया।
इन भूखण्डों के विक्रय से प्राधिकरण को लगभग 215 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान है। कार्यक्रम में मुख्य अभियंता आरआरपी सिंह, मुख्य नगर नियोजक मनोज कुमार, विशेष कार्याधिकारी सत् शुक्ला, सहायक लेखाकार अखिलेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं स्टाफ उपस्थित रहे।



