यूपी के 74 जिलों में मेगा विधिक सहायता शिविर, 24 लाख से अधिक लाभार्थी लाभान्वित
एक मंच पर सरकारी योजनाएं, गरीब-वंचितों तक सीधे पहुंचा न्याय और अधिकार

📰 निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क (डी.एफ. हिंदी) |
National Legal Services Authority और Uttar Pradesh State Legal Services Authority के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश के सभी 74 जिलों में शनिवार को मेगा विधिक एवं सामाजिक जागरूकता शिविरों का ऐतिहासिक आयोजन किया गया। यह अभियान देश और प्रदेश के विधिक सेवा इतिहास में मील का पत्थर साबित हुआ, जिसमें 24,56,857 से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिला।
यह विराट अभियान माननीय न्यायमूर्ति सूर्यकांत, न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, न्यायमूर्ति अरुण भंसाली एवं न्यायमूर्ति महेश चंद्र त्रिपाठी के संरक्षण और मार्गदर्शन में संचालित हुआ। प्रदेशभर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों की पहल पर सभी प्रमुख सरकारी विभागों को एक साझा मंच पर लाकर आमजन को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
मेगा कैंप से पूर्व प्री-कैंप गतिविधियों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा गया, जिससे शिविर के दिन उन्हें सीधे लाभ मिल सका। गरीब, वंचित, महिलाएं, श्रमिक, दिव्यांगजन और सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों को विधिक परामर्श, प्रमाण पत्र, पेंशन, स्वास्थ्य योजनाओं और अन्य कल्याणकारी सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिला।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संतोष कुमार द्वितीय ने कहा कि यह अभूतपूर्व समन्वय और प्रशासनिक प्रतिबद्धता का उदाहरण है। प्रशासनिक न्यायाधीशों ने जिलों का दौरा कर व्यक्तिगत रूप से निगरानी की, जिससे आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन और आमजन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे न्याय को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।



