राष्ट्रीय

एनओसी अब मिनटों में! गडकरी ने लॉन्च किया नया ‘राजमार्ग प्रवेश’ पोर्टल,

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क | डी.एफ. हिंदी

हाईवे किनारे कारोबार को मिलेगी रफ्तार

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे विभिन्न परियोजनाओं के लिए एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) प्रक्रिया को पारदर्शी और त्वरित बनाने हेतु संशोधित ‘राजमार्ग प्रवेश’ वेब पोर्टल का शुभारंभ किया। यह कदम सरकार की ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ नीति को नई मजबूती देता है।

अब ईंधन स्टेशन, वे- साइड एमेनिटीज, निजी संपत्तियां, विश्राम परिसर, संपर्क मार्ग और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए अनुमति ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से प्राप्त की जा सकेगी। पोर्टल के जरिए उद्योग, व्यवसाय और नागरिक राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ पानी, गैस पाइपलाइन, ऑप्टिकल फाइबर केबल, बिजली लाइन जैसी बुनियादी सेवाएं बिछाने की अनुमति भी डिजिटल तरीके से हासिल कर सकेंगे।

मंत्रालय के अनुसार, नया सिस्टम आवेदन से लेकर स्वीकृति तक की प्रक्रिया को समयबद्ध, ट्रैक योग्य और पारदर्शी बनाएगा। इससे फाइलों की लंबी कतार और अनावश्यक देरी से राहत मिलेगी। विशेष रूप से हाईवे किनारे उभरते इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को इससे बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही, जिनमें सचिव (सड़क परिवहन) वी. उमाशंकर, एनएचएआई के अध्यक्ष संतोष कुमार यादव सहित कई शीर्ष अधिकारी शामिल थे। मंत्रालय का मानना है कि यह डिजिटल पहल राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़े निवेश और विकास कार्यों को गति देगी।

Related Articles

Back to top button