वैश्य इंटरनेशनल एसोसिएशन की बैठक में समाज के सशक्तिकरण पर हुआ मंथन
कमजोर वर्ग के उत्थान को समर्पित है ‘वाया’ : मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी

उद्यमशीलता और परोपकार की परंपरा से देश निर्माण में वैश्य समाज की बड़ी भूमि
(निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क, डी.एफ. हिंदी)
राजस्थान के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नगर बीकानेर में शुक्रवार को वैश्य समाज के संगठनात्मक सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। होटल बसंत विहार पैलेस में हल्दीराम समूह के तत्वावधान में आयोजित वैश्य इंटरनेशनल एसोसिएशन के संस्थापक सदस्यों की इस बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ विशेष रूप से शामिल हुए।
बैठक के दौरान वैश्य समाज की एकता, संगठन की मजबूती, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत और सार्थक चर्चा की गई। इस अवसर पर मंत्री नन्दी ने कहा कि वैश्य समाज ने सदैव अपनी उद्यमशीलता, परिश्रम, सेवा और परोपकार की परंपरा के माध्यम से देश के आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज के लोगों को एक मंच पर लाने के साथ ही आपसी संवाद और सहयोग को मजबूत करते हैं। इससे समाज के समग्र उत्थान के लिए नई ऊर्जा और सकारात्मक दिशा मिलती है।
मंत्री नन्दी ने कहा कि वैश्य व्यापारी समाज के महान पूर्वजों की गौरवशाली परंपरा से मिले संस्कारों को आगे बढ़ाते हुए वैश्य इंटरनेशनल एसोसिएशन (वाया) कमजोर एवं निर्बल वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है। संगठन की स्थापना समाज को संगठित और सशक्त बनाने के साथ ही “निर्बलवर्गोथनम” के संकल्प पर आधारित है।
बैठक में इस बात पर भी विशेष चर्चा हुई कि समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ठोस योजनाएं तैयार की जाएं और नई पीढ़ी को उद्यमिता तथा सामाजिक जिम्मेदारी के लिए प्रेरित किया जाए।
इस अवसर पर समाज के कई प्रमुख उद्योगपति और गणमान्यजन उपस्थित रहे, जिनमें महेश गुप्ता (निदेशक, केंट आरओ सिस्टम), मनोहर लाल अग्रवाल (हल्दीराम ग्रुप), नन्द किशोर अग्रवाल (क्रिस्टल ग्रुप), राजेश गुप्ता (मल्टी कलर स्टील्स ग्रुप), सुनील गोयल (न्यूमैक्स बिल्डर), धर्मपाल अग्रवाल (विद्या पॉलिमर्स), मधुसूदन अग्रवाल, सुशील जैन, अजय सिंघल (ओम लॉजेस्टिक), निर्मल गोयल (सागर कत्था फैक्ट्री) और राजीव अग्रवाल सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।
बैठक में यह विश्वास व्यक्त किया गया कि वैश्य इंटरनेशनल एसोसिएशन के माध्यम से समाज को संगठित, सशक्त और प्रेरणादायी बनाने की दिशा में निरंतर सार्थक प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।



