एसबीआई पेंशनर्स सम्मान कार्यक्रम में वरिष्ठों के योगदान को नमन
महाप्रबंधक अनिल कुमार बोले – पेंशनर्स बैंक की अमूल्य धरोहर

लखनऊ मंडल में 19 हजार से अधिक पेंशनभोगियों के लिए नई सुविधाओं पर जोर
निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क | डीएफ हिंदी
भारतीय स्टेट बैंक द्वारा लखनऊ स्थित स्थानीय प्रधान कार्यालय में आयोजित स्टेट बैंक पेंशनर्स एसोसिएशन की वार्षिक बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान और सम्मान को केंद्र में रखा गया। कार्यक्रम में बैंक के महाप्रबंधक अनिल कुमार ने पेंशनर्स को संस्था का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि उनके अनुभव और सेवाएं बैंक के लिए अमूल्य धरोहर हैं।
महाप्रबंधक अनिल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय स्टेट बैंक अपने पेंशनर्स को बाधारहित पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने के साथ-साथ चिकित्सा सुविधाएं और अन्य कल्याणकारी योजनाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी केवल बैंक के पूर्व कर्मचारी नहीं बल्कि बैंक परिवार के ऐसे वरिष्ठ सदस्य हैं जिनके अनुभव और कार्यशैली आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ साथियों का सम्मान करना और उन्हें बेहतर सुविधाएं देना बैंक का कर्तव्य है। उन्होंने यह भी कहा कि आज के सेवानिवृत्त कर्मचारी बीते समय की ऐसी अक्षय निधि हैं जिनके अनुभव और समर्पण ने बैंक को मजबूती प्रदान की है। इस बैठक का उद्देश्य केवल आपसी मेलजोल बढ़ाना ही नहीं बल्कि पेंशनर्स के अधिकारों, सम्मान और सुविधाओं को सुरक्षित रखने के लिए साझा मंच प्रदान करना भी है।
कार्यक्रम में प्रशासनिक कार्यालय लखनऊ (पश्चिम) के उप महाप्रबंधक धीरज कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बैंक अपने सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को परिवार का हिस्सा मानता है और उनके कल्याण के लिए निरंतर प्रयास करता है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष पेंशनभोगियों के लिए पांच स्वास्थ्य शिविर और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें उनकी समस्याओं का समाधान किया गया।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का अंत नहीं बल्कि अनुभवों के माध्यम से समाज को दिशा देने का अवसर है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा ताकि पेंशनर्स की समस्याओं का समाधान और उनकी सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर महाप्रबंधक राजीव कुमार, कौशलेन्द्र कुमार, उप महाप्रबंधक एवं सीडीओ धीरेन्द्र महे सहित बैंक के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं एसबीआई पेंशनर्स एसोसिएशन लखनऊ मंडल के अध्यक्ष दिनेश चंद्र, महासचिव अतुल स्वरूप तथा पेंशनर्स फेडरेशन के अन्य पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम का समन्वयन मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) आशुतोष शुक्ल ने किया।



