
निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क | डीएफ हिंदी
सामाजिक न्याय और लोक अदालत की अवधारणा को मजबूत करने वाले वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व राज्यसभा सांसद शिवदयाल सिंह चौरसिया की पुण्य जयंती के अवसर पर भारतीय चौरसिया महासभा द्वारा लखनऊ में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन 15 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे विश्वेश्वरैया सभागार पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस (राज्यपाल भवन के सामने, एम.जी. मार्ग) में होगा।
कार्यक्रम में देशभर से सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और समाज के प्रबुद्ध लोग शामिल होंगे। आयोजन के तहत “शिवदयाल चौरसिया शिखर सम्मान समारोह” और सामाजिक जागरूकता सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज सेवा, शिक्षा और सामाजिक नेतृत्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विजय चौरसिया, राष्ट्रीय अध्यक्ष भारतीय चौरसिया महासभा तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष अपना दल एस युवा मंच करेंगे। वहीं मुख्य संरक्षक के रूप में राजेन्द्र बनारसी की भूमिका रहेगी।
संरक्षक मंडल में कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और समाजसेवी शामिल हैं, जिनमें पूर्व विधायक रामेश्वर चौरसिया, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक सुरेन्द्र चौरसिया, विधायक आलोक चौरसिया सहित कई अन्य सामाजिक कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हैं।
आयोजन समिति के सदस्यों ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उनका कहना है कि यह कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि सभा नहीं बल्कि सामाजिक जागरूकता, एकता और समाज के विकास के लिए विचार मंथन का मंच भी बनेगा।
कार्यक्रम संयोजक पारस नाथ चौरसिया और रविन्द्र चौरसिया ने बताया कि इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को “शिखर सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि स्वर्गीय शिवदयाल सिंह चौरसिया का जीवन सामाजिक न्याय, जनसेवा और संगठन की शक्ति का प्रतीक रहा है। ऐसे में उनकी पुण्य जयंती पर आयोजित यह सम्मेलन समाज को नई दिशा देने का प्रयास होगा।



