पीडीए का बिगुल: युवाओं के दम पर ‘संविधान बचाओ’ का आह्वान
2027 की जंग में बूथ से सत्ता तक मजबूत रणनीति, भाजपा पर सीधा निशाना

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क
। समाजवादी नेता अखिलेश यादव ने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) युवाओं को संबोधित करते हुए एक आक्रामक और भावनात्मक संदेश जारी किया है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, सजगता और संगठन के बल पर हर बूथ को मजबूत करने का आह्वान किया। उनके संदेश में साफ तौर पर 2027 के चुनाव को “संविधान बचाने की निर्णायक लड़ाई” के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए समाज के युवाओं में अभूतपूर्व उत्साह है और इस बार बड़े-बुजुर्गों के आशीर्वाद और युवाओं की मेहनत से “पीडीए सरकार” बनाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने दावा किया कि संविधान, अधिकार और आरक्षण तभी सुरक्षित रहेंगे जब पीडीए की सरकार बनेगी।
उन्होंने युवाओं को चेताया कि चुनाव के दौरान विपक्षी दल उकसावे की राजनीति कर सकते हैं, लेकिन संयम और अनुशासन बनाए रखना सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी। “अनुशासन से शासन” का नारा देते हुए उन्होंने युवाओं से सकारात्मक ऊर्जा के साथ समाज के हर वर्ग को जोड़ने की अपील की।
साथ ही भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी घपलों, चालबाजियों और बाहरी “नकली वोटरों” के जरिए लोकतंत्र को प्रभावित करने की कोशिश की जा सकती है। उन्होंने पीडीए कार्यकर्ताओं से ऐसे हर प्रयास पर पैनी नजर रखने और प्रमाण सहित कार्रवाई कराने की बात कही।
संदेश के अंत में उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि बदलाव के लिए खुद आगे बढ़ना होगा, संघर्ष करना होगा और अपना समय खुद बदलना होगा।
नारा: “पीडीए को जिताएंगे, संविधान को बचाएंगे!”



