Uncategorized

“हमने कोई गुनाह नहीं किया” — व्यापारियों का दर्द, भाजपा नेता ने दिया साथ का भरोसा

शास्त्री नगर में व्यापारियों का आक्रोश, ध्वस्तीकरण के खिलाफ घेराव

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क

शास्त्री नगर स्कीम नंबर 7 के व्यापारियों का गुस्सा उस समय खुलकर सामने आया जब बड़ी संख्या में व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल तिरंगा चौक व्यापार संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार गर्ग के नेतृत्व में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा के कैंप कार्यालय, शास्त्री नगर पहुंचा और उनका घेराव किया।

व्यापारियों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि क्षेत्र में 250 से अधिक दुकानें पहले ही बंद हो चुकी हैं, जबकि लगभग 550 व्यापारियों पर काम बंद करने और दुकानों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की तैयारी चल रही है। मनोज गर्ग ने कहा कि यह स्थिति व्यापारियों के लिए जीवन-मरण का संकट बन चुकी है।

उन्होंने सवाल उठाया कि वर्षों से हाउस टैक्स, पानी का टैक्स और जीएसटी देने के बावजूद आखिर उन्हें क्यों उजाड़ा जा रहा है। “हमने 25-30 साल पहले अपने छोटे-छोटे घरों में दुकानें खोलकर परिवार चलाया। न कोई अपराध किया, न कोई अवैध काम—फिर भी हमें बेघर और बेरोजगार करने की तैयारी है,” उन्होंने भावुक होकर कहा।

व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि जिन लोगों ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर ठेले लगाए, उन्हें पुनर्वास दिया गया, लेकिन वैध टैक्स देने वाले छोटे व्यापारियों को हटाया जा रहा है।

इस पर विनीत अग्रवाल शारदा ने व्यापारियों को शांत करते हुए भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार उनके साथ है। उन्होंने कहा, “व्यापारी मेरी आत्मा हैं। प्रदेश में कहीं भी व्यापारी परेशान होगा, मैं उसके साथ खड़ा रहूंगा। आपके संघर्ष में 24 घंटे साथ हूं।”

उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय के संभावित निर्णय का सम्मान करते हुए समाधान निकालने का आश्वासन दिया और कहा कि किसी भी व्यापारी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

शारदा के आश्वासन के बाद व्यापारी संतुष्ट होकर लौटे। प्रतिनिधिमंडल में सचिन वर्मा, मोहित बत्रा, संजय वर्मा, प्रदीप शर्मा, सुरेंद्र चौहान समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।


Related Articles

Back to top button