Uncategorized

चुनौतियों से टकराकर दूरसंचार में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा देश: केशव प्रसाद मौर्य

स्वदेशी 4G से संचार क्रांति की ओर बढ़ता भारत, BSNL बनेगा विकास का मजबूत आधार

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारत आज स्वदेशी तकनीक के दम पर संचार क्रांति की नई दिशा में तेजी से अग्रसर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ विज़न के तहत शुरू हुई स्वदेशी 4G सेवाएं देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल हैं।

शुक्रवार को लखनऊ स्थित भूतनाथ टेलीफोन एक्सचेंज के सभागार में आयोजित बीएसएनएल अधिकारी संघ की सेंट्रल एक्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत संचार निगम लिमिटेड देश की डिजिटल प्रगति में अहम भूमिका निभा रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बीएसएनएल के पास मजबूत आधारभूत संरचना है और यदि सही रणनीति व समर्पण के साथ कार्य किया जाए, तो यह कंपनी देश की अग्रणी दूरसंचार सेवा प्रदाता बन सकती है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में बीएसएनएल शीर्ष स्थान हासिल करेगा और आम जनता को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराएगा।

श्री मौर्य ने यह भी कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में दूरसंचार क्षेत्र की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्वदेशी तकनीक को बढ़ावा देने से न केवल विदेशी निर्भरता कम होगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और स्टार्टअप्स को मजबूती मिलेगी। साथ ही, डेटा सुरक्षा और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में भी देश मजबूत होगा।

उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए अनुसंधान एवं विकास में निरंतर निवेश और नवाचार को बढ़ावा देना आवश्यक है। इन चुनौतियों का सामना करते हुए भारत दूरसंचार के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर सकता है।

कार्यक्रम में बृज लाल सहित बीएसएनएल के वरिष्ठ अधिकारी एवं संचार निगम एग्जीक्यूटिव एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री को संगठन की ओर से एक ज्ञापन भी सौंपा गया।


Related Articles

Back to top button