बेंगलुरु में सड़क सुरक्षा सम्मान से नवाजे गए यूपी के अधिकारी
यूपी परिवहन टीम को मिला नया नेतृत्व, हरिओम बने टीम मैनेजर

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से All India Federation of Motor Vehicle Technical Officer Association द्वारा बेंगलुरु में आयोजित दो दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग की टीम को नई जिम्मेदारी और सम्मान दोनों प्राप्त हुए हैं।
इस प्रतिष्ठित आयोजन में देशभर के 14 राज्यों की परिवहन विभाग की टीमें हिस्सा ले रही हैं, जहां खेल के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश भी दिया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश से सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) बदायूं, हरिओम को राज्य की क्रिकेट टीम का टीम मैनेजर नियुक्त किया गया है।
हरिओम न केवल टीम के मैनेजर हैं, बल्कि वह स्वयं भी टीम के सक्रिय सदस्य हैं। उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से टीम को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही वे उत्तर प्रदेश संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) सेवा संघ के प्रदेश महासचिव के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान हरिओम और बिजनौर के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी शिवशंकर सिंह को कर्नाटक के परिवहन मंत्री द्वारा सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग के लिए भी गर्व का विषय है।
इस आयोजन का उद्देश्य खेल के माध्यम से विभिन्न राज्यों के अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करना और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करना है।
उत्तर प्रदेश की टीम इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार है और टीम मैनेजर के रूप में हरिओम की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस पहल से यह भी स्पष्ट होता है कि परिवहन विभाग केवल प्रशासनिक कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक जागरूकता और जनहित के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।



