10 भारतीय AI स्टार्टअप्स का ग्लोबल मंच पर चयन
IndiaAI मिशन से वैश्विक लीडर बनने की ओर बड़ा कदम

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क |
भारत की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्षमताओं को वैश्विक स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए IndiaAI Mission ने इंडियाएआई स्टार्टअप्स ग्लोबल एक्सेलरेशन प्रोग्राम के दूसरे बैच के लिए 10 अग्रणी भारतीय स्टार्टअप्स का चयन किया है। यह कार्यक्रम Station F और HEC Paris के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
इस बैच में हेल्थटेक, क्लाइमेट टेक, एडटेक, सैटेलाइट इंटेलिजेंस और कॉग्निटिव एआई जैसे उभरते क्षेत्रों के स्टार्टअप्स शामिल हैं, जो भारत की नवाचार क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करेंगे। चयनित स्टार्टअप्स में एआई हेल्थ हाईवे, अविरोस, कॉग्नेक्टो, फ्लॉन्ट, ग्रीनएफआई.एआई, इन्फीहील हेल्थटेक, इनलस्ट्रो लर्निंग, प्रेडको, स्काईसर्व और टेस्टएआईएनजी सॉल्यूशंस जैसे नाम शामिल हैं।
यह एक्सेलरेशन प्रोग्राम भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत चल रहे स्टार्टअप फाइनेंसिंग पिलर का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य भारतीय स्टार्टअप्स को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और निवेश के अवसर प्रदान करना है। चयनित स्टार्टअप्स को पहले 3 सप्ताह का ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके बाद पेरिस में 3 महीने का आवासीय कार्यक्रम आयोजित होगा।
इस पहल के जरिए स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों, उद्योग विशेषज्ञों और यूरोपीय इकोसिस्टम से जुड़ने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके विस्तार और नवाचार को गति मिलेगी। यह कार्यक्रम भारत की राष्ट्रीय एआई रणनीति के अनुरूप है, जो सीमा पार सहयोग, तकनीकी विकास और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।
सरकार का मानना है कि इस तरह की पहल भारत को एआई आधारित समाधान और तकनीक में विश्व नेता बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



