खेती-किसानी

पशुपालकों, निवेशकों और नवाचारों का संगम

लखनऊ में दुग्ध स्वर्ण महोत्सव का भव्य आगाज़

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

लखनऊ के Indira Gandhi Pratishthan में 17 और 18 अप्रैल 2026 को दुग्धशाला विकास विभाग के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “दुग्ध स्वर्ण महोत्सव-2026” का भव्य आयोजन शुरू हो रहा है। इस दो दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में होगा, जबकि अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम भी विशेष रूप से शामिल रहेंगे।

इस महोत्सव में प्रदेश भर से लगभग 10 हजार पशुपालकों, दुग्ध उत्पादकों और निवेशकों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। साथ ही वेबकास्टिंग और लाइव यूट्यूब प्रसारण के माध्यम से देश-विदेश के लाखों लोगों को इस आयोजन से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य डेयरी क्षेत्र में नवाचार, निवेश और तकनीकी विकास को बढ़ावा देना है।

महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों और निवेशकों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां जैसे Gyan Milk और C P Milk Producer Company अपने स्टॉल और कियोस्क के माध्यम से आधुनिक दुग्ध उत्पादों, तकनीकों और नवाचारों का प्रदर्शन करेंगी। यह पहल डेयरी उद्योग को नई दिशा देने के साथ-साथ उद्यमिता को भी प्रोत्साहित करेगी।

कार्यक्रम के पहले सत्र में गौ पूजन, प्रदर्शनी का उद्घाटन, सफलता की कहानियों की पुस्तिका का विमोचन, विभागीय सोशल मीडिया चैनल की शुरुआत, नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत पुरस्कार वितरण और नवाचारों का सम्मान शामिल रहेगा। वहीं दूसरे सत्र में विशेषज्ञों द्वारा दुग्ध विज्ञान, नीति और तकनीकी विकास पर महत्वपूर्ण प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

इसके अतिरिक्त, स्वदेशी नस्लों के संरक्षण, गोबर गैस के महत्व, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और डेयरी सेक्टर में निवेश बढ़ाने जैसे विषयों पर भी गहन चर्चा होगी। निवेशकों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से एमओयू हस्ताक्षर की व्यवस्था भी की गई है।

Related Articles

Back to top button