केडीए का बुलडोजर एक्शन, अवैध कब्जों पर बड़ी कार्रवाई
चरागाह और अरबन सीलिंग की जमीन से करोड़ों के अतिक्रमण हटाए

(निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क)
: कानपुर विकास प्राधिकरण ने अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए 17 अप्रैल 2026 को बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। उपाध्यक्ष और सचिव के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में ग्राम तौधकपुर और विनगवां क्षेत्र में सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
प्राधिकरण के अनुसार तौधकपुर में आराजी संख्या 104 की चरागाह भूमि पर अवैध रूप से बाउंड्रीवाल और अस्थायी निर्माण कर कब्जा किया गया था। करीब 600 वर्गमीटर क्षेत्रफल की इस जमीन, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.2 करोड़ रुपये बताई गई, को बुलडोजर कार्रवाई कर खाली कराया गया।
इसी तरह विनगवां क्षेत्र में आराजी संख्या 770 की अरबन सीलिंग भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को भी ध्वस्त किया गया। लगभग 500 वर्गमीटर क्षेत्र में फैले इस कब्जे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पूरी कार्रवाई के दौरान भूमि बैंक, प्रवर्तन अनुभाग-4 के अधिकारी, सुपरवाइजर और उत्तर प्रदेश पुलिस के थाना सेन पश्चिमपारा का पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा, जिससे अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
जोन-4 की प्रभारी अधिकारी डॉ. अर्चना शर्मा ने बताया कि अतिक्रमण मुक्त कराई गई जमीन को सुरक्षित रखने के लिए प्री-कास्ट बाउंड्री कराई जा रही है, ताकि दोबारा कब्जा न हो सके। साथ ही कब्जेदारों को सख्त चेतावनी दी गई है कि पुनः अतिक्रमण करने पर भारतीय दंड संहिता के तहत एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि वे स्वयं अवैध निर्माण हटा लें, अन्यथा ध्वस्तीकरण के साथ-साथ खर्च की वसूली भू-राजस्व की तरह की जाएगी। केडीए ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



