रायबरेली

आरेडिका में पोषण पखवाड़ा संपन्न, स्वास्थ्य जागरूकता का बड़ा अभियान

योग, पोषण और स्वास्थ्य जांच से 162 मरीजों को मिला लाभ

निश्चय टाइम्स | न्यूज डेस्क

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और रेलवे बोर्ड के निर्देशों के तहत आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) चिकित्सालय में 9 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक “पोषण पखवाड़ा” का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का समापन आरेडिका के महाप्रबंधक रामन कृष्णन की अध्यक्षता में हुआ, जिसमें स्वास्थ्य जागरूकता और पोषण को लेकर व्यापक गतिविधियां आयोजित की गईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ महिला कल्याण संगठन की तत्कालीन अध्यक्षा डॉ. अंजना खरे के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान आहार विशेषज्ञ डॉ. भूमिका सिंह ने “आहार से जुड़ी भ्रांतियों” पर व्याख्यान देते हुए महिलाओं को संतुलित आहार और सही खानपान के प्रति जागरूक किया। गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को विशेष रूप से पोषण और शिशु देखभाल के बारे में जानकारी दी गई।

पखवाड़े के दौरान बच्चों के मानसिक विकास के लिए खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, वहीं केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए पोषण विषयक क्विज प्रतियोगिता भी कराई गई। अभिभावकों को स्क्रीन टाइम के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

इसके अलावा, महिलाओं को योग और प्राणायाम के महत्व से अवगत कराया गया और “स्वस्थ शिशु आहार प्रतियोगिता” के माध्यम से पौष्टिक आहार को बढ़ावा दिया गया। समापन अवसर पर वेलसन मेडिसिटी हॉस्पिटल के सहयोग से नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 162 मरीजों की जांच की गई।

विश्व लिवर दिवस के अवसर पर 86 मरीजों की बीएमडी और 56 मरीजों की फाइब्रोस्कैन जांच की गई, जिससे लोगों को अपने स्वास्थ्य की स्थिति जानने में मदद मिली। भारत स्काउट एवं गाइड के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए स्वास्थ्य और संतुलित आहार का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और चिकित्सालय की पहल की सराहना की गई।

Related Articles

Back to top button