Uncategorized

विकासनगर अग्निकांड पर सियासत तेज: पीड़ितों के लिए स्थायी आवास और मूलभूत सुविधाओं की उठी मांग

हजारों बेघर, दो बच्चों की मौत की खबर: समाजवादी पार्टी (इंडिया) ने सरकार से तत्काल राहत की लगाई गुहार

(निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क)

लखनऊ के विकासनगर सेक्टर-11 में हुए भीषण अग्निकांड के बाद पीड़ितों की स्थिति को लेकर राजनीतिक और सामाजिक सरोकार तेज हो गए हैं। सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के प्रदेश अध्यक्ष सलाहउद्दीन (शीबू) एडवोकेट के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार को एक मांग पत्र सौंपकर पीड़ितों के पुनर्वास की मांग की है।

प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट कहा कि इस अग्निकांड में पूरी बस्ती जलकर खाक हो गई, जिससे हजारों लोग बेघर हो गए हैं। घटना में दो बच्चों की मृत्यु की सूचना भी सामने आई है, जिससे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। वर्तमान में पीड़ित परिवारों को अस्थायी राहत तो मिल रही है, लेकिन स्थायी समाधान का अभाव उनकी पीड़ा को और बढ़ा रहा है।

पार्टी नेताओं ने मांग की कि सरकार तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को स्थायी आवास उपलब्ध कराए। साथ ही बिजली, पानी, दवा-इलाज जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि गैर-सरकारी संस्थाएं और सामाजिक कार्यकर्ता मदद कर रहे हैं, लेकिन यह सहायता अस्थायी है और दीर्घकालिक समाधान केवल सरकारी स्तर पर ही संभव है।

ज्ञापन के दौरान नेताओं ने कहा कि पीड़ित परिवार सरकार से बड़ी उम्मीद लगाए बैठे हैं और अब प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह त्वरित और प्रभावी कदम उठाए। उन्होंने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी करने की अपील की, ताकि पीड़ितों को जल्द राहत मिल सके।

इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव संदीप पाण्डेय सहित कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button