“इनकोमेक्स-2026 में चमका रायबरेली का रेल कारखाना: वंदे भारत कोच और नई तकनीकों ने खींचा ध्यान”
“15,000+ एलएचबी कोच का दम: आरेडिका ने उद्योग-रेल समन्वय को दी नई रफ्तार”

(निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क)
राष्ट्रीय स्तर की औद्योगिक प्रदर्शनी “इनकोमेक्स-2026” में आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना रायबरेली (आरेडिका) की सक्रिय भागीदारी ने रेलवे की तकनीकी प्रगति को प्रमुखता से सामने रखा है। कर्नाटक चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, हुब्बल्ली द्वारा 25 से 29 अप्रैल 2026 तक आयोजित इस प्रदर्शनी में आरेडिका ने अपने आकर्षक स्टॉल के माध्यम से भारतीय रेल की आधुनिक उपलब्धियों को प्रदर्शित किया।
स्टॉल पर अत्याधुनिक वंदे भारत कोच, एलएचबी कोच निर्माण प्रक्रिया, उत्पादन क्षमताओं और नवीन तकनीकों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की जा रही है। आरेडिका ने अपनी स्थापना से अब तक 15,000 से अधिक एलएचबी कोचों का निर्माण कर भारतीय रेल के आधुनिकीकरण में अहम भूमिका निभाई है। ये कोच उच्च गति, बेहतर सुरक्षा और आधुनिक सुविधाओं के लिए जाने जाते हैं।
प्रदर्शनी के दौरान रेलवे विक्रेता विकास मंडप के माध्यम से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को रेलवे की ई-प्रोक्योरमेंट प्रणाली Indian Railways E-Procurement System से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इससे उद्योगों को नए व्यापारिक अवसर मिलेंगे और रेलवे-उद्योग सहयोग को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, बी. एस. बोम्मई और संतोष एस. लाड सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
आरेडिका की ओर से जनसंपर्क अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव सहित तकनीकी और प्रशासनिक टीम ने भी प्रदर्शनी में भाग लिया और आगंतुकों को रेलवे की नई तकनीकों से अवगत कराया।
यह आयोजन ‘मेक इन इंडिया’ पहल को सशक्त करने के साथ-साथ रेलवे और उद्योग जगत के बीच समन्वय को नई दिशा देने वाला साबित हो रहा है।



