नए श्रम कानूनों पर मंथन, पूर्व सैनिक बैंकर्स के हक और एकजुटता पर जोर
पूर्व सैनिक बैंकर्स का शक्ति प्रदर्शन: लखनऊ में सम्मेलन, आनंद राठौर बने राष्ट्रीय अध्यक्ष

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
)लखनऊ में अखिल भारतीय भूतपूर्व सैनिक बैंकर्स कल्याण समिति द्वारा एक महत्वपूर्ण सम्मेलन का आयोजन जियामऊ स्थित विश्व संवाद केन्द्र में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि Dhiraj Singh और अन्य वरिष्ठ पूर्व सैनिक बैंकर्स द्वारा माँ भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद देशभक्ति के माहौल में विभिन्न राज्यों—उत्तराखंड, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से आए पूर्व सैनिक बैंकर्स ने सामूहिक राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।
सम्मेलन में पूर्व सैनिक बैंकर्स के सामने खड़ी चुनौतियों और उनके अधिकारों को लेकर गहन चर्चा की गई। खासतौर पर नए श्रम कानूनों के कारण छोटी-छोटी ट्रेड यूनियनों के अस्तित्व पर मंडरा रहे खतरे, बैंकिंग क्षेत्र की पैरेन्टल यूनियनों में पूर्व सैनिक बैंकर्स की भूमिका और उनके कल्याण के लिए बेहतर समन्वय की आवश्यकता जैसे मुद्दों पर खुलकर विचार रखे गए।
इस दौरान Anand Rathore, Mrigank Srivastava, धीरेंद्र सिंह और विकास सिंह रावत समेत कई वक्ताओं ने संगठन की मजबूती और एकजुटता पर जोर दिया। समिति के संविधान का वाचन हरेंद्र छेत्री (दिल्ली) और शंकर दत्त थपलियाल (उत्तराखंड) द्वारा किया गया, जिसके बाद कई सदस्यों ने इसे और अधिक प्रभावी और कल्याणकारी बनाने के सुझाव दिए।
सम्मेलन का मुख्य आकर्षण रहा संगठन के नए पदाधिकारियों का चुनाव, जिसमें सर्वसम्मति से Anand Rathore को राष्ट्रीय अध्यक्ष और Mrigank Srivastava को कोषाध्यक्ष चुना गया। साथ ही, पूरे देश में राज्यवार समितियों के गठन का संकल्प भी लिया गया, जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जा सके।
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली, जहां शंकर दत्त थपलियाल की टीम ने पारंपरिक लोकगीत प्रस्तुत कर माहौल को जीवंत बना दिया। अंत में नव-निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष Anand Rathore ने सभी प्रतिभागियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
यह सम्मेलन पूर्व सैनिक बैंकर्स के लिए एकजुटता, अधिकारों की रक्षा और भविष्य की रणनीति तय करने का महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।


