राष्ट्रीय

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर सरकार अलर्ट, ए.के. शर्मा ने अफसरों को दिया सख्त संदेश

कूड़ा प्रबंधन से मानसून तैयारी तक एक्शन मोड में नगर विकास विभाग, शहरों की रैंकिंग सुधारने पर जोर

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को लेकर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने संगम सभागार, लखनऊ में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेशभर के नगर आयुक्त, मेयर, पार्षद, ईओ और नगर विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान स्वच्छता अभियान, वेस्ट मैनेजमेंट, मानसून तैयारी और शहरों की रैंकिंग सुधारने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में मंत्री श्री शर्मा ने साफ शब्दों में कहा कि स्वच्छता को केवल सरकारी अभियान न मानकर जन आंदोलन बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए और सिटीजन फीडबैक बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निकायों की जिम्मेदारी केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना भी है।

बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026, आरआरआर मॉडल (Reduce, Reuse, Recycle), डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और सोर्स सेग्रीगेशन पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने निर्देश दिए कि हर निकाय में वैज्ञानिक वेस्ट मैनेजमेंट प्रणाली को मजबूत किया जाए और वार्ड स्तर पर स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समितियों को सक्रिय किया जाए।

आगामी मानसून को देखते हुए मंत्री ने नाला-नालियों की सफाई, सिल्ट निकासी और जलभराव रोकने की व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने हर नगर निकाय में क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) गठित करने की बात कही ताकि बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

बैठक में सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने, साफ-सफाई अभियान तेज करने और व्यवहार परिवर्तन आधारित जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर भी जोर दिया गया। मंत्री श्री शर्मा ने अधिकारियों को चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी ईओ अपने-अपने निकायों की नियमित समीक्षा करें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के शहरों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए हर अधिकारी को जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।

Related Articles

Back to top button