लखनऊ

सीतापुर रोड पर एलडीए की बड़ी पहल, 900 किफायती फ्लैट बनेंगे

मध्यम और अल्प आय वर्ग को प्राइम लोकेशन पर मिलेगा अपना आशियाना

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने शहर के मध्यम और अल्प आय वर्ग के लोगों को किफायती आवास उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। एलडीए अब सीतापुर रोड पर लगभग 900 एलआईजी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के फ्लैटों का निर्माण करेगा। यह परियोजना शिया पीजी कॉलेज के पास कब्जामुक्त कराई गई करीब 16,000 वर्गमीटर नजूल भूमि पर विकसित की जाएगी।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी दे दी है। जल्द ही बहुमंजिला अपार्टमेंट निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। परियोजना के अंतर्गत 582 एलआईजी और 336 ईडब्ल्यूएस भवन बनाए जाएंगे। एलआईजी श्रेणी के 2 बीएचके फ्लैट लगभग 50 वर्गमीटर क्षेत्रफल के होंगे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये होगी। वहीं ईडब्ल्यूएस श्रेणी के 1 बीएचके फ्लैट लगभग 38 वर्गमीटर क्षेत्रफल के होंगे और उनकी कीमत करीब 15 लाख रुपये रखी जाएगी।

एलडीए का कहना है कि यह परियोजना शहर की प्राइम लोकेशन पर विकसित की जाएगी। सीतापुर रोड स्थित यह इलाका राष्ट्रीय राजमार्ग से सीधे जुड़ा हुआ है और आसपास स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, बाजार, मॉल, रेलवे स्टेशन, सब्जी मंडी जैसी सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। ऐसे में कम कीमत पर बेहतर लोकेशन में आवास मिलने से हजारों परिवारों को राहत मिलेगी।

परियोजना में आधुनिक सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। सभी टावर आपस में इंटरकनेक्ट होंगे, जिससे आवागमन आसान रहेगा। यहां 8 पैसेंजर लिफ्ट और 3 सर्विस लिफ्ट लगाई जाएंगी। इसके अलावा 600 से अधिक वाहनों के लिए बेसमेंट और स्टिल्ट पार्किंग की सुविधा होगी। लगभग 3,000 वर्गमीटर क्षेत्र में पार्क और ग्रीन एरिया भी विकसित किया जाएगा। एलडीए की यह योजना शहर में किफायती और व्यवस्थित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में अहम मानी जा रही है।


Related Articles

Back to top button